उत्तर प्रदेश के कानपुर में लव मैरिज के महज तीन महीने बाद शोएब खान अपनी बीवी दीपिका सैनी की कथित तौर पर हत्या कर फरार हो गया है। यह घटना पनकी थाना क्षेत्र के शताब्दीनगर स्थित रामगंगा इनक्लेव की है। दीपिका सैनी अपने शौहर शोएब खान उर्फ सौरभ दुबे के साथ किराए के मकान में रह रही थी।
पेशे से ट्रक चालक शोएब ने अक्टूबर 2025 में दीपिका सैनी के साथ लव मैरिज की था। वह अहमदाबाद में काम करता था। जानकारी के मुताबिक, रविवार (1 फरवरी 2026) को वह घर लौटा था और सोमवार (2 फरवरी 2026) की दोपहर दोनों के बीच किसी बात को लेकर जोरदार बहस हुई। पड़ोसियों के अनुसार, काफी देर तक चीख-पुकार और झगड़े की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद अचानक घर में सन्नाटा छा गया।
करीब दो घंटे बाद शोएब ने दरवाजे पर जोर-जोर से दस्तक देना शुरू किया। जब पड़ोसी बाहर निकले, तो देखा कि दीपिका बेड पर बेसुध पड़ी थी। उसकी गर्दन पर रस्सी से दबाने के निशान दिखाई दे रहे थे। पड़ोसियों ने तुरंत दीपिका की माँ को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में माँ और अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुँच गए। पुलिस को सूचना देने की बात होते ही शोएब वहाँ से फरार हो गया।
हत्या या आत्महत्या? पुलिस जाँच में जुटी
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर अहम सबूत जुटाए। महिला के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका है। कुछ पड़ोसियों का कहना है कि महिला ने आत्महत्या की हो सकती है। इसी वजह से पुलिस हत्या और आत्महत्या-दोनों एंगल से जाँच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका की माँ ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस शिकायत मिलने के बाद आगे कार्रवाई करेगी।
फरार आरोपित की तलाश तेज, CCTV खंगाले जा रहे
पुलिस ने बताया कि शौहर का दावा है कि दरवाजा बंद था लेकिन पुलिस के पहुँचते ही उसका फरार होना कई सवाल खड़े करता है। पुलिस ने फरार शोएब की तलाश के लिए 3 टीमें गठित की हैं। पश्चिम जोन की सर्विलांस टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ऑपरेशन त्रिनेत्र और ऑपरेशन हर घर के तहत लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपित के भागने के रास्ते और लोकेशन का पता लगाया जा सके।

