उत्तर प्रदेश के कानपुर में स्थित मदर टेरेसा हायर सेकेंड्री स्कूल में छठी कक्षा के एक छात्र के साथ पर सिर्फ इसलिए मारपीट की गई, क्योंकि वह माथे पर टीका लगाकर स्कूल पहुँचा था। आरोप है कि शिक्षिका हिबा फातिमा ने छात्र का टीका साफ करवाया और उसे थप्पड़ भी मारे।
घटना के बाद छात्र रोते हुए घर पहुँचा और अपने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार ने स्कूल प्रबंधन और पुलिस से शिकायत की। मामले की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में स्कूल पहुँच गए और स्कूल के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपित शिक्षिका पर कार्रवाई की माँग की। काफी देर तक हंगामा चलता रहा और पुलिस भी मौके पर पहुँच गई।
पुलिस की मौजूदगी में स्कूल प्रबंधन और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। बढ़ते दबाव के बाद स्कूल मैनेजमेंट ने शिक्षिका हिबा फातिमा को नौकरी से निकाल दिया। इसके बाद प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ता शांत हुए।
ABVP के महानगर मंत्री सुधांशु त्रिपाठी ने कहा कि तिलक सनातन संस्कृति का प्रतीक है और किसी छात्र को उसके धार्मिक प्रतीक के कारण प्रताड़ित करना गलत है। वहीं ADCP वेस्ट योगेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में बातचीत के बाद मामला शांत हो गया है और फिलहाल कोई विवाद नहीं है।

