उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में अब शहर के भीतर मीट, मांस और मछली की दुकानें संचालित नहीं होंगी। नगर निगम की सदन बैठक में इस संबंध में महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। शहर में चल रही सभी मीट, मछली और मुर्गा दुकानों को चरणबद्ध तरीके से नगर सीमा के बाहर विकसित किए जाने वाले विशेष बाजारों में स्थानांतरित किया जाएगा।
नगर निगम का कहना है कि यह कदम स्वच्छ काशी के लक्ष्य और शहर की बेहतर यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर उठाया गया है। नगर निगम ने पहले चरण में रामनगर, सूजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर क्षेत्रों को चिन्हित किया है।
इन स्थानों पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यवस्थित मीट और मछली बाजार विकसित किए जाएँगे, जहाँ कारोबारियों को दुकानें आवंटित की जाएँगी। अधिकारियों के अनुसार, इन बाजारों में स्वच्छता, जल निकासी, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष प्रबंध किया जाएगा।
नगर निगम का मानना है कि शहर के घनी आबादी वाले इलाकों से इस प्रकार की दुकानों के बाहर जाने से सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और कई क्षेत्रों में लगने वाले यातायात जाम से भी राहत मिलेगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि चयनित स्थलों पर आवश्यक तैयारियाँ शुरू की जा रही हैं और जल्द ही योजना को जमीन पर उतारने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

