सिगरेट से जलाया, बेरहमी से पीटा और जबरन कराया गर्भपात: मेरठ की युवती को निकाह का झांसा देकर एहतेशाम ने दोस्तों संग किया गैंगरेप

उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक युवती को निकाह का झाँसा देकर न केवल शारीरिक शोषण का शिकार बनाया गया, बल्कि उसे बंधक बनाकर गैंगरेप भी किया गया।

पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई, सिगरेट से दागा गया और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई। न्याय की गुहार लेकर पीड़िता ने SSP मेरठ से शिकायत की है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जाँच शुरू कर दी है।

मेट्रोमोनियल साइट से शुरू हुआ धोखे का खेल

पल्लवपुरम निवासी पीड़िता ने बताया कि कुछ महीने पहले उसने एक मेट्रोमोनियल साइट पर अपना प्रोफाइल बनाया था। यहीं उसकी पहचान सरधना के रहने वाले एहतेशाम से हुई। एहतेशाम ने खुद को प्रयागराज की एक बड़ी टेलीकॉम कंपनी का कर्मचारी बताया और शादी का वादा कर युवती का भरोसा जीत लिया। दोनों की पहली मुलाकात मेरठ के बेगमपुल पर हुई, जिसके बाद आरोपित ने उसे 27 दिसंबर 2025 को प्रयागराज बुलाया और वहाँ अपने कमरे पर ले जाकर पहली बार दुष्कर्म किया।

फर्जी निकाहनामा और जबरन गर्भपात

पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपित ने जल्द निकाह करने का वादा किया। इस बीच युवती गर्भवती हो गई। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपित उसे 2 फरवरी 2026 को वाराणसी ले गया और वहाँ 100 रुपए के स्टांप पेपर पर एक ‘फर्जी’ निकाहनामा तैयार करवाया। आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने अल्ट्रासाउंड कराने के बहाने उसे नशीली दवा खिला दी, जिससे उसका गर्भपात हो गया।

लखनऊ में बंधक बनाकर गैंगरेप और हैवानियत

जुर्म का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। 12 फरवरी को आरोपित उसे लखनऊ के चारबाग स्थित एक होटल ले गया और वहाँ दुष्कर्म किया। अगले दिन उसे नशीला पदार्थ खिलाकर एक अनजान मकान में ले जाया गया, जहाँ एहतेशाम और उसके दो दोस्तों ने उसे बंधक बनाकर गैंगरेप किया। पीड़िता ने बताया कि विरोध करने पर उसे सिगरेट से दागा गया और बेरहमी से पीटा गया। आरोपितों ने इस पूरी करतूत का वीडियो भी बना लिया।

पुलिस की कार्रवाई और जाँच

14 फरवरी को आरोपित उसे दिल्ली ले गया, जहाँ से किसी तरह बचकर वह कश्मीरी गेट थाने पहुँची, लेकिन दिल्ली पुलिस ने मामला यूपी का बताकर उसे भेज दिया। अब मेरठ एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत बेहद गंभीर है। मामला प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ से जुड़ा है, इसलिए घटनास्थल और निकाहनामे की सत्यता की जाँच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।