तमिलनाडु से आकर डेनियल ने UP में 70 को बनाया ईसाई, 500 की बनाई थी लिस्ट: मिर्जापुर धर्मांतरण गैंग के 5 गिरफ्तार, शैतानी शक्तियों से मुक्ति का देते थे झाँसा

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पुलिस ने धर्मांतरण कराने वाले एक गिरोह का पर्दाफ़ाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित सहायम डैनियल राज समेत गिरोह के पाँच लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर अब तक 50 से 70 लोगों का धर्मांतरण का आरोप है। इसके अलावा, ये गिरोह करीब 500 अन्य लोगों को भी ईसाई अपनाने के लिए तैयार कर रहा था।

तमिलनाडु से मिर्जापुर तक फैलाया नेटवर्क

जानकारी के अनुसार, गिरोह का सरगना डैनियल राज तमिलनाडु का रहने वाला है। उसे इंडियन मिशनरीज सोसाइटी (तमिलनाडु) की ओर से मिर्जापुर के अहरौरा और नौगढ़ इलाकों का फील्ड इंचार्ज बनाया गया था। वह जुलाई 2025 से यहाँ सक्रिय था। उसके साथ कुल 8 प्रचारक गाँव-गाँव जाकर काम कर रहे थे।

डैनियल और उसके साथी गाँवों में जाकर गरीब, अनपढ़, कमजोर और जनजातीय परिवारों को निशाना बना रहे थे। वे लोगों को चंगाई सभा (प्रार्थना के नाम पर इलाज), सिलाई-कढ़ाई सीखाने और पैसों की मदद का झाँसा देकर ईसाई कबूल करने के लिए प्रेरित करते थे। यह सारा काम छिपकर किया जा रहा था।

पीड़ित की शिकायत से हुआ खुलासा

इस मामले की शुरुआत एक पीड़ित युवक इंद्रासन की शिकायत से हुई। पुलिस ने जब जाँच शुरू की, तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि छापेमारी में डैनियल राज और मिथिलेश कुमार कोल को पकड़ा गया। इनके साथ ओमप्रकाश, पारस सोनकर और थॉमस रामसेवक को भी गिरफ्तार किया गया।

पहले से थी पूरी योजना

पूछताछ में सामने आया कि यह साजिश कोई अचानक बना प्लान नहीं था। गिरोह ने पहले 2012 में इलाके का सर्वे किया था। फिर 2023 में वे दोबारा लौटे और 2024 से बाकायदा धर्मांतरण का काम शुरू किया। प्रचारकों को इसके लिए पैसा और वेतन दोनों दिए जाते थे।

500 लोगों को बनाना था अगला निशाना

एसपी सोमेन बर्मा ने बताया कि गिरोह ने जिन 500 लोगों की सूची तैयार की थी, उनसे संपर्क भी शुरू कर दिया गया था। कुछ को सभा में बुलाया जा चुका था और कुछ को अगली योजना में शामिल किया जाना था।

पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस पूरे काम के लिए पैसा कहाँ से आ रहा था। गिरोह के बैंक खातों की जाँच की जा रही है। शुरुआती जाँच में सामने आया है कि इन्हें बाहर से फंडिंग की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। इस मामले की जाँच गंभीरता से की जा रही है।