हिंदू प्रेमी के लिए ‘हिरा’ बनी ‘हिमांशी’, सनातन में घर वापसी कर मंदिर में लिए सात फेरे: UP के बदायूँ का मामला

उत्तर प्रदेश के बदायूँ जिले के उसावाँ थाना क्षेत्र में एक मुस्लिम युवती ने सनातन में घर वापसी के बाद अपने हिंदू प्रेमी से मंदिर में विवाह कर लिया। शादी पुलिस की निगरानी और दोनों पक्षों की सहमति से खाटूश्याम मंदिर में हुई। शादी के बाद युवती अपने पति के साथ ससुराल चली गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसावाँ क्षेत्र के रहने वाले अतुल और दूसरे गाँव की हिरा नजमी (नाजवी) का पिछले 4 वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों ने करीब छह महीने पहले कोर्ट मैरिज भी कर ली थी लेकिन युवती अपने मायके में रह रही थी। हाल ही में अतुल ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को ससुराल नहीं भेजा जा रहा है। वहीं, युवती के परिजनों ने भी अतुल पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था।

मामला थाने पहुँचने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई। थाने में युवती ने खुद को बालिग बताते हुए अतुल के साथ अपनी मर्जी से रहने की इच्छा जताई। इसके बाद युवती ने अपना नाम बदलकर ‘हिमांशी’ रख लिया और सनातन धर्म अपनाने की बात कही।

पुलिस की मौजूदगी में खाटूश्याम मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह हुआ। हिमांशी ने बताया कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और उसकी हिंदू धर्म में आस्था थी। हिमांशी ने कहा, “अपने प्रेमी के लिए मैंने अपना धर्म बदलकर शादी की है और मैं खुश रहना चाहती हूँ।”