संभल में पिछले साल हुई हिंसा का मास्टरमाइंड बताए जाने वाले शारिक साठा पर कानूनी शिकंजा और कस गया है। SIT प्रभारी इंस्पेक्टर रजनीश कुमार की तहरीर पर नखासा थाना पुलिस ने उसके खिलाफ दो नई FIR दर्ज की हैं।
यह कार्रवाई तब की गई जब कोर्ट द्वारा 25 अक्टूबर 2025 को BNS की धारा 84 के तहत बयान जारी किए जाने के बावजूद वह कोर्ट में पेश नहीं हुआ। इससे पहले भी उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) और संपत्ति कुर्की की कार्यवाही पूरी की जा चुकी है, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से दूर है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शारिक साठा 2020 से भारत से बाहर फरार है। दिल्ली की जेल से छूटने के बाद फर्जी पासपोर्ट बनवाकर दुबई भाग गया। उसके हिंदूपुरा खेड़ा स्थित घर पर ताले लटके पाए गए हैं। संभल पुलिस और SIT अब उसकी गिरफ्तारी के लिए हर एंगल से जाँच कर रही हैं, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विदेश में उसकी मदद कौन कर रहा है।

