हिंदू प्रेमी से शादी करने पर अड़ी समरीन, कहा- सनातन के हिसाब से करूँगी विवाह: परिवार ने अंकित के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, संभल का मामला

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रहने वाले अंकित कुमार और मुस्लिम युवती समरीन के बीच करीब चार साल से प्रेम संबंध है। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते हैं। युवक और युवती के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को समरीन अपनी मर्जी से अंकित के घर आई थी और उसके साथ रहने व शादी करने की इच्छा जताई थी।

हालाँकि, दोनों अलग-अलग समुदायों से होने के कारण गाँव में तनाव की आशंका पैदा हो गई। इसी वजह से युवक के परिवार ने युवती को फिलहाल रिश्तेदारों के घर भेज दिया।

इस दौरान युवती के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की जाँच शुरू हुई। पुलिस समरीन को बहजोई स्थित बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने लेकर पहुँची, जहाँ उसने अपना बयान दर्ज कराया।

समरीन ने अपने बयान में कहा कि वह बालिग है, उस पर कोई दबाव नहीं है और वह अपनी इच्छा से अंकित से शादी करना चाहती है। उसने यह भी कहा कि वह हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करने और शादी के बाद नाम बदलने पर विचार कर सकती है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान के आधार पर मामले की जाँच कर रही है।