उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में एक मुस्लिम युवती ने शुक्रवार (24 अक्टूबर 2025) को घर वापसी कर ली और अपना नाम रेहाना खातून से बदलकर नाम लाडली रख लिया है। उसने अपने प्रेमी बबलू मौर्य के साथ थाना परिसर स्थित दानीनाथ शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह किया। विवाह का वीडियो खुद युवती ने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि यह उसका पूरी तरह स्वेच्छा से लिया गया फैसला है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, युवती ने कहा कि उसे बचपन से ही सनातन संस्कृति और धर्म के प्रति लगाव था। वह बालिग है और अपने फैसले खुद लेने में सक्षम है। उसने स्पष्ट किया कि न तो धर्म परिवर्तन और न ही विवाह पर किसी का दबाव था। शादी के बाद युवक के परिवार ने युवती को आशीर्वाद भी दिया।
जानकारी के मुताबिक, बबलू मौर्य धनघटा क्षेत्र के बैडाड़ी गांव का निवासी है और खेती-किसानी करता है। उसका कड़जी रुस्तमपुर गांव की रेहाना खातून (अब लाडली) से 2023 से प्रेम संबंध चल रहा था। इस बीच, रेहाना के परिवारवालों ने उसकी शादी किसी और जगह तय कर दी थी और 28 अक्टूबर को बारात आने वाली थी लेकिन निकाह से चार दिन पहले ही रेहाना घर छोड़कर प्रेमी के पास चली गई।
दोनों ने थाने पहुंचकर सुरक्षा की मांग की, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में मंदिर में विवाह संपन्न कराया गया। वहीं, युवती के लापता होने पर उसके परिजनों ने बबलू पर बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। बजरंग दल के नेता आनंद पांडेय ने कहा कि शादी दोनों की रजामंदी से हुई है और युवती ने अपनी इच्छा से हिंदू धर्म अपनाया है, इसलिए इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
पुलिस ने बताया कि किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए गाँव में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए पूरे मामले पर निगरानी रखी है। थानाध्यक्ष जयप्रकाश दुबे के मुताबिक, शादी के बाद युवती ने खुद अपने वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं।

