बरेली हिंसा के मास्टरमाइंड तौकीर रजा का बेटा फरमान नारकोटिक्स केस में गिरफ्तार, कार से मिले ड्रग्स-सिरिंज: शाहजहाँपुर में वाहन को मारी थी टक्कर

उत्तर प्रदेश के बरेली में हुई हिंसा के मास्टरमाइंड और इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के बेटे फरमान रजा खान के खिलाफ शाहजहाँपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने फरमान रजा की कार से ड्रग्स और सिरिंज बरामद की हैं और पूछताछ में उसने ड्रग्स लेने की बात कबूली है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार (6 जनवरी 2025) रात फरमान खान की कार एक वाहन से टकरा गई थी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और फरमान को प्राथमिक उपचार दिया। इस दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। इसके बाद पुलिस ने जब कार की तलाशी लेनी चाही तो फरमान आनाकानी करने लगा।

पुलिस ने जब जोर देकर गाड़ी की डिक्की खोली तो उसमें से ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि फरमान ने अपने इस्तेमाल के लिए दिल्ली से एक ग्राम स्मैक खरीदी थी और गाड़ी से आधा ग्राम ‘क्रिस्टल ड्रग’ बरामद हुई है। पुलिस ने इसके बाद फरमान को गिरफ्तार किया और मामले की जाँच चल रही है। बाद में थाने से ही फरमान को जमानत दे दी गई। गौरतलब है कि तौकीर रजा को बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद के बाद गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल जेल में है।