यूपी में कौशल विकास को ‘कौशल सेतु’ और ‘कौशल सारथी’ का साथ मिल गया है। अब राज्य के युवा तेजी से स्किल बढ़ा कर डिजिटल की दुनिया में अपनी जगह बना सकते हैं।
विश्व युवा कौशल दिवस 2026 के मौके पर राज्य के कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दो डिजिटल प्लेटफॉर्म का उद्घाटन किया। ‘कौशल सेतु’ और ‘कौशल सारथी’ नाम के दोनों पोर्टल उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन का डिजिटल पोर्टल है। इससे ट्रेनिंग पार्टनर्स के पंजीकरण और एम्पैनलमेंट की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, पेपरलेस और ऑनलाइन होगी। इसके माध्यम से संस्थान, आवेदन, दस्तावेज अपलोड और जरूरी जानकारियाँ एक ही प्लेटफॉर्म पर आसानी से जमा कर सकते हैं।
कौशल सारथी से ट्रेनिंग सेंटर का मिलेगा लोकेशन
डिजिटल प्लेटफॉर्म कौशल सारथी से युवाओं को अपने जिले के सारे प्रशिक्षण केन्द्रों, कोर्स और ट्रेनिंग पार्टनर्स की पूरी जानकारी एक साथ मिल जाएगी। सारे सेंटर्स के नाम, पता और लोकेशन सबकुछ पता चल जाएगा। दरअसल युवाओं को सटीक जानकारी देने और कौशल विकास को नई धार देने के लिए योगी सरकार ने दोनों पोर्टल लॉन्च किए हैं।
कार्यक्रम के दौरान कई औद्योगिक समझौते भी हुए। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने केएलके प्राइवेट लिमिटेड, विनसम टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के साथ एक समझौता भी किया है। इसके जरिए युवाओं को रोबोटिक्स, एआई और मॉडर्न टैक्सटाइल जैसे सेक्टर्स में एडवांस ट्रेनिंग के साथ-साथ प्लेसमेंट का भी सुनहरा मौका छात्रों को दिलाया जाएगा।
स्वावलंबन से सम्मान का नया मंत्र
राज्य मंत्री अग्रवाल ने एक कॉफी टेबल ‘बुक स्किलिंग द फ्यूचर यूपी: जर्नी फ्रॉम ट्रेनिंग टू ट्रांसफॉर्मेशन’ का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कौशल विकास केवल क्लासरूम ट्रेनिंग तक सीमित नहीं है। आज तकनीक, इंडस्ट्री और रोजगार को एक साथ जोड़कर युवाओं को ‘कौशल से स्वावलंबन और स्वावलंबन से सम्मान’ के मूल मंत्र के साथ आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
कौशल विकास मिशन एवं ITI से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार एवं उद्यमिता से आत्मनिर्भर बने युवाओं को आज विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 15, 2026
इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन… pic.twitter.com/0auK9JuJyE
इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने कौशल विकास मिशन और ITI से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार एवं उद्यमिता से आत्मनिर्भर बने युवाओं को विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया।
इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्षों में प्रदेश भर में हुए कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका ‘कौशलम’ का विमोचन भी हुआ।
युवाओं को भविष्य की शुभकामना देते हुए उन्होने कहा कि हर युवा को विश्वास है कि डबल इंजन की सरकार उसके भविष्य के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने देगी।

