रात में छोड़कर गए मस्जिद, सुबह मलबा भी नहीं मिला: वाराणसी में 22 मिनट में ढहाया गया रेलवे की जमीन पर बना अवैध ढाँचा, 1000+ पुलिसकर्मी रहे तैनात

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी रेलवे स्टेशन के विस्तार के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे की जमीन पर बनी करीब 200 साल पुरानी ‘अजगैब शहीद मस्जिद’ को 22 मिनट में देर रात बुलडोजर चलाकर ढहा दिया गया। प्रशासन का कहना है कि स्टेशन को आधुनिक ‘मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब’ बनाने के रास्ते में यह मस्जिद बाधा बन रही थी।

रात में जहाँ मस्जिद खड़ी थी, सुबह वहाँ सिर्फ खाली मैदान नजर आया। प्रशासन ने भारी मशीनों की मदद से कुछ ही मिनटों में ढांचा गिरा दिया। इसके बाद ट्रकों में मलबा भरकर मौके से तुरंत हटा भी दिया गया।

कोर्ट के आदेश के बाद आधी रात एक्शन

यह मस्जिद किला कोहना इलाके में रेलवे की जमीन पर बनी थी। स्टेशन के विकास के लिए जब जमीन की नापी हुई, तब इस अतिक्रमण का पता चला। रेलवे ने इसके लिए मस्जिद प्रबंधन को कई नोटिस भी दिए थे। मामला अदालत तक पहुँचा, जहाँ फैसला रेलवे के हक में आया। कोर्ट का आदेश मिलने के बाद ही यह कार्रवाई की गई।

सोमवार (1 जून 2026) की रात करीब 11 बजे ही अफसरों की टीम मौके पर पहुँच गई थी। सुरक्षा के लिए 1000 से ज़्यादा पुलिस और पैरा मिलिट्री के जवान तैनात किए गए थे। पूरे इलाके की बैरिकेडिंग कर दी गई थी ताकि कोई वहाँ आ न सके। कार्रवाई के दौरान मीडिया और बाहरी लोगों के जाने पर पूरी पाबंदी थी। 5 जेसीबी और 2 पोकलैंड मशीनों ने मिलकर इसे ढहा दिया।

एयरपोर्ट जैसा बनेगा नया काशी स्टेशन

रेलवे इस स्टेशन को चमकाने के लिए करीब 330 से 400 करोड़ रुपए खर्च कर रहा है। इसे एक आधुनिक मल्टी-मॉडल हब बनाया जा रहा है। यहाँ यात्रियों को ट्रेन, बस, मेट्रो और नाव (जल परिवहन) की सुविधा एक ही जगह मिलेगी। इसी बड़े प्रोजेक्ट के लिए ज़मीन की ज़रूरत थी, जिसके चलते यह अतिक्रमण हटाया गया।