पहाड़ से आया सैलाब, भरे-पूरे गाँव में सब बहा ले गया: उत्तराखंड में बादल फटने से तबाही, देखिए Video

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गाँव में बादल फट गया। बादल फटने से खीर गंगा नदी में बाढ़ आ गई, जिसने 34 सेकेंड में पूरे गाँव को तबाह कर दिया। घटना में 4 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 50 से अधिक लोग लापता हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पहाड़ी से पानी की तेज धारा बहते हुए आई और कई घरों को बहाकर ले गई। घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि पानी की धारा में होटल और घर बह गए हैं। वीडियो में लोग दहशत में चीखते-चिल्लाते भी सुनाई दे रहे हैं।

उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि घटनास्थल पर जिला प्रशासन, सेना, SDRF और NDRF की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। आपदा कंट्रोल रूम से भी हालात पर निरंतर निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।