उत्तराखंड के जोशीमठ में एक सरकारी इमारत के अंदर नमाज अदा करने का वीडियो सामने आने के बाद बवाल मच गया है। वायरल वीडियो में कुछ लोग निर्माणाधीन हॉल के भीतर नमाज पढ़ते नजर आ रहे हैं।
इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। हिंदू संगठनों ने इसे नियमों का उल्लंघन बताते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग की है।
जानकारी के मुताबिक, यह इमारत नगर पालिका की है। इसे खेल विभाग को टेबल टेनिस ट्रेनिंग सेंटर बनाने के लिए दिया जा रहा है। फिलहाल यहाँ मरम्मत और रंग-रोगन का काम चल रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सरकारी परिसर में बिना अनुमति के मजहबी गतिविधि करना गलत है। लोगों ने नमाज पढ़ने वालों की बढ़ती संख्या पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रशासन से इलाके में बाहरी लोगों के सत्यापन की माँग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जाँच की जा रही है और उचित कदम उठाए जाएँगे।

