‘ये हिंदू है… इसे मार’ : उत्तराखंड के खटीमा में 24 साल के तुषार शर्मा की चाकू घोंपकर हत्या के बवाल, वायरल वीडियो में लोग बता रहे- बस अड्डे पर क्या हुआ

उत्तराखंड के खटीमा में शुक्रवार (12 दिसंबर 2025) की देर रात पुरानी रंजिश के चलते हुई चाकूबाजी में 24 साल के तुषार शर्मा की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों का दावा है कि तुषार की हत्या हिंदू होने के कारण की गई। पुलिस अपनी जाँच में जुटी है, लेकिन इलाके में तनाव फैला हुआ है। गुस्साए लोगों ने कोतवाली का घेराव कर आरोपितों के गिरफ्तारी की माँग की है।

क्या था पूरा मामला

ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा शहर में शुक्रवार देर रात रोडवेज बस अड्डे के पास चाकूबाजी की घटना हुई। इस खूनी झड़प में आश्रम पद्धति विद्यालय के पीछे रहने वाला तुषार शर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि सलमान और अभय गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत नाजुक होने के कारण हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच की है। तुषार, सलमान और अभय रोडवेज परिसर के पास एक चाय की दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान गोटिया इस्लामनगर से आए कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से पुरानी रंजिश चल रही थी। विवाद बढ़ने पर बात मारपीट तक पहुँच गई और फिर हमलावरों ने चाकू निकाल लिए।

पुरानी रंजिश बनी वजह

हमलावरों ने तीनों युवकों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिसमें तुषार गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। उसके साथ मौजूद साथी घायलों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ इलाज के दौरान तुषार ने दम तोड़ दिया। इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर ने सलमान और अभय की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना से संबंधी एक वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें एक युवक तेज-तेज बता रहा है कि वो लोग जब हमला कर रहे थे तब हमलावर में से एक ने तुषार को पकड़कर कहा कि ये हिंदू है हिंदू इसे मार। इसके बाद तुषार की छाती पर बैठकर उसे चाकू घोंपा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और जाँच शुरू कर दी।

पुलिस ने बताया कि चाकूबाजी में एक युवक की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं। घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और हमलावरों की तलाश पुलिस कर रही हैं। इधर, घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने कोतवाली खटीमा के पास हंगामा किया और घेराव कर जल्द गिरफ्तारी की माँग की। तुषार पीलीभीत रोड स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था और उसकी डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी।