‘हिंदू देवी-देवताओं का करता था अपमान, विरोध करने पर देता था मारने की धमकी’: शिकायत के बाद वडोदरा पुलिस ने यूट्यूबर को दबोचा

वडोदरा पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं का अपमान कर रहा था। आरोपित का नाम नीलेश जितिया है। वह वडोदरा के खोडियार नगर का रहने वाला है। एक युवक की शिकायत के बाद पुलिस ने नीलेश के खिलाफ मामला दर्ज किया।

जानकारी के अनुसार, नीलेश अपना एक यूट्यूब चैनल चलाता था। इस चैनल पर उसने कई वीडियो अपलोड किए थे। इन वीडियो में वह देवी-देवताओं के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करता था। उसने भगवान राम और डॉ अंबेडकर की तस्वीरों के साथ भी अभद्र टिप्पणी की थी। विवाद तब बढ़ गया जब नीलेश ने भगवान राम के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की।

जब लोगों ने इसका विरोध किया, तो वह सोशल मीडिया पर लाइव आया। लाइव आकर उसने और भी अपमानजनक टिप्पणियाँ कीं। साथ ही, उसने विरोध करने वालों को जान से मारने की धमकी भी दी। अमरेली के रहने वाले करण सोलंकी ने बापोड़ पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और नीलेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि नीलेश को IT एक्ट और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया। आगे की जाँच जारी है।