वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने गुरुवार (1 जनवरी 2026) को संकेत दिया कि उनका देश अमेरिका के साथ ड्रग तस्करी, तेल और प्रवासन जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार है।
यह बयान ऐसे समय आया है जब बीते कुछ महीनों में अमेरिका ने वेनेजुएला पर प्रतिबंधों और सैन्य दबाव को और तेज किया है। सरकारी टीवी को दिए एक इंटरव्यू में मादुरो ने कहा कि अमेरिका जहाँ और जब चाहे बातचीत कर सकता है और अब तथ्यों के आधार पर गंभीर चर्चा का समय आ गया है।
यह बयान उस पृष्ठभूमि में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने वेनेजुएला में एक डॉकिंग क्षेत्र पर हमला किया, जहाँ ड्रग तस्करी से जुड़े जहाज लोड किए जाते थे।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हमला CIA द्वारा ड्रोन से किया गया था, जो वेनेजुएला की जमीन पर पहली अमेरिकी कार्रवाई मानी जा रही है। हालाँकि मादुरो ने इस हमले की न तो पुष्टि की और न ही इनकार करते हुए कहा कि इस पर कुछ दिनों में बात हो सकती है।
अमेरिका बीते तीन महीनों से कैरेबियाई और पूर्वी प्रशांत महासागर में ड्रग तस्करी से जुड़े जहाजों पर हमले कर रहा है, जिनमें अब तक 115 से अधिक लोगों की मौत की बात कही। मादुरो ने इन कार्रवाइयों को अपनी सरकार को गिराने और वेनेजुएला के तेल संसाधनों पर कब्जा करने की कोशिश बताया है।

