अमेरिका द्वारा भारतीय सामानों पर लगाए गए भारी टैरिफ (टैक्स) को लेकर चल रही राजनीतिक बहस अब एक विवादित मोड़ ले चुकी है। वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई का जिक्र करते हुए कॉन्ग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने सवाल उठाया कि क्या डोनाल्ड ट्रंप भारत के प्रधानमंत्री का भी अपहरण कर लेंगे?
जानकारी के अनुसार, भारत-अमेरिका व्यापारिक रिश्तों और 50 प्रतिशत टैरिफ पर बात करते हुए चव्हाण ने कहा कि इतनी भारी ड्यूटी के साथ व्यापार करना नामुमकिन है। पृथ्वीराज चव्हाण ने आगे कहा कि चूंकि अमेरिका सीधा प्रतिबंध नहीं लगा सकता, इसलिए वह टैरिफ का सहारा ले रहा है।
Mumbai, Maharashtra: Congress leader Prithviraj Chavan says, "With a 50 percent tariff, trade is simply not possible. In effect, this amounts to blocking India–US trade, especially exports from India to the United States. Since a direct ban cannot be imposed, tariffs have been… pic.twitter.com/VY1QQVO3XL
— IANS (@ians_india) January 6, 2026
इसी दौरान पृथ्वीराज चव्हाण ने वेनेजुएला में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी का उदाहरण देते हुए कहा, “सवाल यह है कि जो वेनेजुएला में हुआ, क्या वैसा भारत में भी होगा? क्या ट्रंप साहब हमारे प्रधानमंत्री को किडनैप कर ले जाएँगे?”
बीजेपी और विशेषज्ञों का पलटवार
इस विवादित बयान पर बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे कॉन्ग्रेस का ‘मानसिक दिवालियापन‘ और ‘ओछापन’ करार दिया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) एसपी वैद ने इसे पूरे देश के लिए शर्मनाक बताया।
सोशल मीडिया पर भी लोग चव्हाण को ट्रोल कर रहे हैं और याद दिला रहे हैं कि भारत एक परमाणु शक्ति संपन्न देश है, जिसकी तुलना वेनेजुएला से करना मूर्खतापूर्ण है। फिलहाल इस बयान ने भारत-अमेरिका व्यापारिक मुद्दों से ध्यान हटाकर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।

