भारतीय महिला कुश्ती की पहलवान विनेश फोगाट का एशियन गेम्स 2026 में खेलने का सपना टूट गया। शनिवार (30 मई 2026) को नई दिल्ली के इंदिरा गाँधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित चयन ट्रायल्स के महिला 53 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें युवा पहलवान मीनाक्षी गोयत ने 6-4 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली।
मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, लेकिन मीनाक्षी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए विनेश पर दबाव बनाए रखा और अंत तक बढ़त कायम रखी। हार के बाद विनेश का रिएक्शन भी चर्चा का विषय बन गया। मैट से बाहर जाते समय उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष संजय सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा, “मैं वापस आऊँगी।”
ट्रायल्स में उतरने से पहले भी विनेश को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। WFI ने उनकी भागीदारी को लेकर आपत्ति जताई थी और मामला कोर्ट तक पहुँच गया था। हालाँकि सुप्रीम कोर्ट ने महासंघ की याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद उन्हें चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति मिली।
ट्रायल्स के दौरान उनके भार वर्ग को लेकर भी विवाद हुआ, लेकिन बाद में उन्हें 53 किलोग्राम वर्ग में खेलने की मंजूरी दे दी गई। विनेश ने शुरुआती दौर में ज्योति और निशु को हराकर सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन मीनाक्षी के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

