मथुरा में पंजाब से आए 30 श्रद्धालुओं की नाव यमुना नदी में पलटी, 9 शव बरामद-कई लापता: देवराहा बाबा मठ जाते वक्त पांटून ब्रिज से हुई टक्कर

उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी नाव अचानक पलट गई, जिससे कई लोग डूब गए। इस हादसे में अब तक 9 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं, जबकि कई लोग घायल हैं और कुछ की तलाश अभी भी जारी है।

जानकारी के मुताबिक, पंजाब के लुधियाना से करीब 30 श्रद्धालु वृंदावन घूमने आए थे। सभी लोग नाव में सवार होकर यमुना नदी पार कर रहे थे और देवराहा बाबा मठ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नाव पांटून ब्रिज से टकरा गई और संतुलन बिगड़ने से पलट गई। नाव पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर तैरने लगे।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुँच गई। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें अब तक 16–17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

बचाए गए लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। रेस्क्यू में SDRF, NDRF और आर्मी की टीमें भी जुटी हुई हैं। प्रशासन लगातार नदी में लापता लोगों की तलाश कर रहा है।

मथुरा पुलिस ने बताया कि अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियाँ मिलकर राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं और अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं, ग्रामीण SP सुरेश चंद्र रावत ने भी पुष्टि की कि नाव में पंजाब से आए श्रद्धालु सवार थे और हादसा नाव पलटने के कारण हुआ है।