कोलकाता में फिर दौड़ेगी 150 साल पुरानी ऐतिहासिक ट्राम, भाजपा सरकार ने पलटा TMC का फैसला: ऑस्ट्रेलिया की तर्ज पर चलेंगी आधुनिक और प्रदूषण मुक्त ट्रामें

पश्चिम बंगाल की नवनिर्वाचित भाजपा सरकार ने कोलकाता की ऐतिहासिक ट्राम सेवा को लेकर एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने साफ कर दिया है कि एशिया की इस सबसे पुरानी ट्राम सेवा को बंद नहीं किया जाएगा।

इसके उलट, सरकार अब इसे बेहद आधुनिक और नए रूप में शहर की सड़कों पर फिर से दौड़ाने की तैयारी कर रही है। दरअसल, साल 2024 में पिछली TMC सरकार ने ट्रैफिक जाम का हवाला देते हुए कोलकाता की ज्यादातर ट्राम सेवाओं को बंद करने का फैसला कर लिया था।

TMC कई ट्राम डिपो की कीमती जमीनों को दूसरे कामों में इस्तेमाल करना चाहती थी, जिसका पर्यावरण प्रेमियों और आम जनता ने भारी विरोध किया था। मामला कलकत्ता हाई कोर्ट भी पहुँचा था।

अब राज्य के नए परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने बताया कि सरकार ऑस्ट्रेलिया की तर्ज पर नई पीढ़ी की हल्की, ऊर्जा-कुशल और प्रदूषण मुक्त ट्रामें विदेशों से लाने पर विचार कर रही है। इसके लिए बंद हो चुके ट्राम रूटों का नए सिरे से अध्ययन किया जा रहा है।

सरकार की पहली प्राथमिकता ऐतिहासिक एस्प्लेनेड-खिदिरपुर रूट को चमकाने की है। साथ ही ट्राम नेटवर्क को मेट्रो के साथ जोड़ने की योजना भी है। साल 1873 में शुरू हुई इस 150 साल पुरानी विरासत को आधुनिक तकनीक के साथ बचाकर सरकार ने कोलकाता के लोगों को बड़ी सौगात दी है।