हुमायूँ कबीर की हिंसा वाली धमकी पर बंगाल के CM सुवेंदु अधिकारी सख्त, कहा- ऐसे लोगों को सबक सिखाने का समय: अब तक थी कमजोर सीएम

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार (29 जून 2026) को राज्य विधानसभा में हुमायूँ कबीर के विवादित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अब ऐसे लोगों को सबक सिखाने का समय आ गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने या हिंसा की धमकी देने का अधिकार नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि हुमायूँ कबीर के खिलाफ दो FIR दर्ज की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने हुमायूँ कबीर के बयान को आपत्तिजनक, सांप्रदायिक, समाज विरोधी और राज्य विरोधी बताया। विधानसभा में उन्होंने हुमायूँ कबीर के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की धमकियाँ किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जा सकतीं और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल हुमायूँ कबीर ने शनिवार (27 जून 2026) को एक राजनीतिक कार्यक्रम में कहा था कि अगर वह अपने मुस्लिम समर्थकों के साथ सड़क पर उतरेंगे तो मुर्शिदाबाद में ऐसी हिंसा होगी कि विरोधी अपना झंडा भी नहीं संभाल पाएँगे।

उन्होंने यह भी दावा किया था कि वह लाखों लोगों को सड़क पर ला सकते हैं, विरोधियों की पिटाई कर सकते हैं और जेल जाने से भी नहीं डरते। हुमायूँ ने यह भी कहा था कि राज्य की केंद्रीय जेल में केवल 4800 कैदियों की जगह है, जबकि वह लाखों लोगों को लेकर आ सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को हिंसा भड़काने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने की इजाजत नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।