भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। पार्टी ने सोमवार (16 मार्च 2026) को कुल 144 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया। इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा वाली भवानीपुर सीट से नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को टिकट दिया गया है।
भवानीपुर सीट वर्तमान में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास है। 2021 में नंदीग्राम से हारने के बाद ममता बनर्जी ने यहीं से उपचुनाव जीतकर मुख्यमंत्री पद संभाला था। ऐसे में इस बार सुवेंदु अधिकारी बनाम ममता बनर्जी का मुकाबला बंगाल की सबसे हाई-प्रोफाइल लड़ाई बन गया है।
भाजपा ने अपनी सूची में कई दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारा है। पूर्व राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता दिलीप घोष को खड़गपुर सदर सीट से टिकट मिला है। बिमान महतो को सालबोनी, स्वपन दासगुप्ता को रासबेहारी, सुमिता सिन्हा को कांथी उत्तर, बिमान घोष को पुरसुराह, माधवी महालदार को कुलतली, अनिमा दत्ता को पलाशीपाड़ा और लक्ष्मीकांत साहू को झाड़ग्राम से उम्मीदवार बनाया गया है।
BJP announces first list of 144 candidates for the upcoming West Bengal Assembly Elections pic.twitter.com/QHLfHAUNFF
— ANI (@ANI) March 16, 2026
पार्टी का कहना है कि इन अनुभवी और स्थानीय नेताओं के जरिए बंगाल में संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा 2026 में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकेगा।
भाजपा ने संकेत दिया है कि शेष सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
इस बीच रविवार (15 मार्च 2026) को चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया। राज्य की 294 सीटों पर चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण की अधिसूचना 30 मार्च को और दूसरे चरण की 2 अप्रैल को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तारीखें क्रमशः 6 और 9 अप्रैल हैं। मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी। सरकार बनाने के लिए 148 सीटों का बहुमत जरूरी है।
भाजपा और तृणमूल कॉन्ग्रेस के बीच इस बार भी कड़ा मुकाबला होने की संभावना है।

