कहीं सड़कें जाम, कहीं कैमरे बंद, कहीं मतदाताओं से जबरदस्ती: बंगाल में मतदान के बीच TMC गुंडों ने की हिंसा, हुमायूं कबीर के काफिले पर हमला

पश्चिम बंगाल में सोमवार (23 अप्रैल 2026) को पहले चरण की 153 सीटों पर मतदान जारी है। इस बीच मुर्शिदाबाद और कूचबिहार से हिंसा और तनाव की बड़ी घटनाएँ सामने आई हैं। विभिन्न पोलिंग बूथों पर व्यापक गड़बड़ी, धमकी और झड़पों के आरोप लगे हैं। BJP सांसद सौमित्र खान ने मुर्शिदाबाद जिले के कई बूथों पर बड़े पैमाने पर डराने-धमकाने के आरोप लगाए गए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ 210 पर तो भीड़ ने मतदाताओं को उनके घरों से बाहर भी नहीं निकलने दिया। इसके अलावा बूथ 216 पर कैमरे बंद होने की भी सूचना है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। दूसरी ओर मुर्शिदाबाद के नवादा ब्लॉक में स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।

TMC के गुंडों ने हुमायूं कबीर के काफिले पर किया हमला

तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के नवादा ब्लॉक अध्यक्ष सोफिउज्जमान शेख हबीब ने हुमायूं कबीर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “हुमायूं कबीर की सोच अराजक है और उनका इरादा अफरा-तफरी मचाने का है।” हबीब के अनुसार, चुनाव के दिन हुमायूं कबीर 15 गाड़ियों के काफिले के साथ इलाके में पहुँचे, जिसमें ऐसे लोग भी थे जिनके खिलाफ पहले से FIR दर्ज हैं।

हबीब ने आरोप लगाया कि कबीर इलाके में गुंडागर्दी कर रहे हैं और इसके खिलाफ उन्होंने शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन न तो चुनाव आयोग (ECI) और न ही पुलिस प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि अब तक किसी की गिरफ्तारी या हिरासत नहीं हुई है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “हम हुमायूं कबीर को नवादा में आजादी से घूमने की इजाजत नहीं दे सकते। यह उनके लिए खुली चेतावनी है कि वे इस इलाके में न आएँ। हम सिर्फ लोकतंत्र चाहते हैं और शांतिपूर्ण मतदान चाहते हैं।” इसके बाद TMC समर्थकों ने हुमायूं कबीर के काफिले पर हमला करने की खबर सामने आई।

काफिले में शामिल गाड़ियों पर लाठियों और पत्थरों से हमला किया गया, जिससे कई वाहनों को भारी नुकसान पहुँचा।

कूचबिहार में TMC के गुंडो ने किया सड़क जाम

कूचबिहार जिले से भी तनाव की खबरें आई हैं। तूफानगंज-2 ब्लॉक के बरकोडाली-2 ग्राम पंचायत के बूथ 237 और 238 के पास TMC के गुंडों पर सड़क जाम करने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद केंद्रीय सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुँचकर कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।

सिताई विधानसभा क्षेत्र में भी कई बूथों के बाहर भीड़ जमा देखी गई, जिसे केंद्रीय बलों ने जबरन हटाया। इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा उम्मीदवार निशीथ प्रमाणिक ने चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की माँग की है।