4 साल की पोती का दादा ने किया बलात्कार, शरीर को जगह-जगह दाँत से काटा: बंगाल के हुगली में नाले से निर्वस्त्र मिली बच्ची, इलाज के बाद भी गुप्तांगों से बंद नहीं हो रहा खून

पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में 4 साल की मासूम बच्ची के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बच्ची के दादा को ही मुख्य आरोपित के रूप में गिरफ्तार किया है।

घटना शुक्रवार (7 नवंबर 2025) को तारकेश्वर रेलवे स्टेशन के पास हुई, जहाँ बच्ची अपने परिवार के साथ शरण लिए हुए थी। पुलिस और परिवार के अनुसार, बच्ची अपने माता-पिता के पास सो रही थी, तभी आरोपित ने मच्छरदानी काटकर उसे उठा लिया और यौन उत्पीड़न किया।

अगले दिन दोपहर को बच्ची स्टेशन के पास स्थित नाले में खून से लथपथ, निर्वस्त्र और गाल पर दांत के निशान सहित पाई गई। मेडिकल जाँच में यह पुष्टि हुई कि बच्ची के साथ बलात्कार हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई घंटों के इलाज के बाद भी बच्ची के प्राइवेट पार्ट्स से खून बह रहा था। परिवार ने अस्पताल के कर्मियों पर मामले को ठीक से ना सँभालने का आरोप लगाया है।

पीड़िता का परिवार खानाबदोश बंजारा समुदाय से है और उनके पास पहचान दस्तावेज नहीं होने के कारण शुरुआती जाँच में चुनौतियाँ आईं। घटना के बाद स्थानीय पुलिस पर FIR दर्ज न करने और मामले को दबाने के आरोप लगे।

बीजेपी ने तारकेश्वर पुलिस स्टेशन पर घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि अधिकारियों ने कार्रवाई में देरी की है। बीजेपी का कहना है कि जब उसे पहली बार अस्पताल ले जाया गया था, तब उसके गुप्तांगों पर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे फिर भी पुलिस सोई रही। वहीं, परिजन का कहना है कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी लेकिन शुरुआत में उनकी बातों को भी नजरअंदाज कर दिया गया।

तारकेश्वर विधायक रामेंदु सिंह रॉय ने मामले को बेहद खेदजनक बताया और प्रशासन द्वारा इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।