उत्तर प्रदेश के लखनऊ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक मुस्लिम महिला ने अपने आशिक के साथ मिलकर अपने शौहर को गौमांस की तस्करी करने के आरोप में फँसाने का प्लान बनाया। पुलिस ने अमीना नाम की महिला और उसके बॉयफ्रेंड अमान को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की पूछताछ जारी है।
ऑनलाइन पोर्टर, OTP और 12 किलो बीफ: कैसे खुली साजिश की परतें?
यह मामला 14 जनवरी 2026 को तब सामने आया था जब बजरंग दल को एक मिली सूचना मिली कि एक आदमी गौमांस लेकर गाड़ी में जा रहा है। इसके बाद हिंदू संगठन ने काकोरी पुलिस के सामने शिकायत दी और दुर्गागंज के पास एक ऑनलाइन पोर्टर वाहन को रोका गया। वाहन की तलाशी में 12 किलो बीफ बरामद हुआ। पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि यह डिलीवरी अमीनाबाद के पेपर फैक्ट्री मालिक वसीफ के नाम बुक की गई थी।
वसीफ ने किसी भी तरह का ऑर्डर देने से इनकार कर दिया। जाँच में पुलिस को पता चला कि डिलीवरी को प्रमाणित करने के लिए इस्तेमाल किया गया OTP वसीफ के ही मोबाइल नंबर पर जनरेट हुआ था, लेकिन पुलिस ने जब उसके घर के CCTV फुटेज खंगाले, तो चौंकाने वाला सच सामने आया।
OTP जनरेट होने के समय वसीफ बाथरूम में था और उसका फोन बाहर रखा हुआ था। फुटेज में साफ दिखा कि उसी दौरान उसकी बीवी फोन के पास मौजूद थी। यहीं से शक की सूई आमीना की तरफ घूम गई।
आमीना और प्रेमी अमान की कथित साजिश, बजरंग दल को भी किया गुमराह
काकोरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के अनुसार, जाँच में सामने आया कि इस पूरे मामले की साजिश वसीफ की बीवी आमीना और उसके प्रेमी अमान ने मिलकर रची थी। अमान मध्य प्रदेश का रहने वाला है। आरोप है कि अमान ने वसीफ की आईडी का इस्तेमाल कर ऑनलाइन पोर्टर बुक किया।
बीफ को भोपाल से कार्डबोर्ड बॉक्स में छिपाकर लाया गया और वाहन में लोड कर दिया गया। पुलिस को यह भी पता चला कि पुलिस की तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अमान ने ‘राहुल’ नाम की फर्जी पहचान से बजरंग दल को इस डिलीवरी की सूचना दी।
दिसंबर के अंत में आमीना और अमान के मिलने, एक नया सिम कार्ड लेने और पूरे प्लान को चरणबद्ध तरीके से अंजाम देने के सबूत भी पुलिस को मिले हैं।
पहले भी रची थी साजिश, तलाक के दबाव का था मकसद
पुलिस जाँच में यह भी खुलासा हुआ कि यह पहली बार नहीं था जब आमीना और उसके प्रेमी ने वसीफ को फँसाने की कोशिश की। सितंबर 2025 में भी इसी तरह की एक साजिश रची गई थी। उस समय वसीफ की थार में करीब 20 किलो बीफ रख दिया गया था। उस मामले में वसीफ को गिरफ्तार किया गया और उसे कुछ समय के लिए जेल भी जाना पड़ा।
हालाँकि वह जल्दी जमानत पर बाहर आ गया। आमीना चाहती थी कि वसीफ लंबे समय तक जेल में रहे ताकि उस पर तलाक देने का दबाव बनाया जा सके। पुलिस का कहना है कि आमीना और अमान की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए 2022 में हुई थी और तभी से दोनों के बीच संबंध थे।
फिलहाल पुलिस ने अमान को हिरासत में ले लिया है और पूरे नेटवर्क की कड़ियाँ जोड़ी जा रही हैं। वसीफ की बीवी की भूमिका को लेकर सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जाँच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

