सपा नेता ने प्रेमिका को धोखा देकर कॉन्ग्रेस नेत्री से कर ली सगाई, फोटो सामने आने पर हंगामा: यौन शोषण-धोखाधड़ी के आरोप

उत्तर प्रदेश के मेरठ में समाजवादी पार्टी को एक विवाद के चलते बड़ा एक्शन लेना पड़ा है। पार्टी ने युवजन सभा के जिलाध्यक्ष दीपक गिरी को उनके पद से हटा दिया है। यह कदम तब उठाया गया जब एक महिला ने दीपक गिरी पर मानसिक-शारीरिक शोषण और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए। महिला ने दीपक के घर जाकर हंगामा भी किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

सगाई के बाद शुरू हुआ विवाद

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दरअसल, यह विवाद दो दिन पहले शुरू हुआ। दीपक गिरी ने कॉन्ग्रेस नेत्री पूनम पंडित से सगाई की थी। दोनों ने सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जिसके तुरंत बाद विवाद खड़ा हो गया। एक महिला ने खुद को दीपक की प्रेमिका और पूर्व पत्नी बताते हुए उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

महिला ने दीपक पर धोखाधड़ी, शारीरिक और मानसिक शोषण के आरोप लगाए। उसने यह भी आरोप लगाया कि दीपक ने उस पर उसके पुराने पति से संबंध तोड़ने का दबाव डाला था। महिला ने गुरुवार (16 अक्टूबर 2025) रात सोशल मीडिया पर लाइव आकर दीपक के खिलाफ कई बातें कहीं।

पार्टी का एक्शन और दीपक का बचाव

यह हंगामा और वीडियो वायरल होते ही पार्टी हरकत में आई। सपा युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी ने तुरंत आदेश जारी किया। उन्होंने गुरुवार (16 अक्टूबर 2025) की रात दीपक गिरी को जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया

इस बीच, दीपक गिरी ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। उन्होंने महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह से गलत और झूठा बताया। उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए पूरे मामले में अपना बचाव किया। दीपक को हटाने के पीछे कॉन्ग्रेस नेत्री से सगाई और महिला के आरोपों का वायरल होना मुख्य वजह मानी जा रही है।