UP के लाखों सरकारी कर्मियों को योगी सरकार का तोहफा: महँगाई भत्ते में किया इजाफा, 60% हुआ DA

उत्तर प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत भरी खबर आई है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने महँगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद राज्य कर्मचारियों का DA 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो जाएगा जिससे उनकी सैलरी और पेंशन में इजाफा देखने को मिलेगा।

सरकार के इस फैसले का फायदा करीब 16 लाख सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनर्स को मिलने जा रहा है। बढ़ती महँगाई के बीच यह फैसला कर्मचारियों को आर्थिक राहत देने वाला माना जा रहा है। राज्य सरकार ने यह बढ़ोतरी केंद्र सरकार की ओर से महंगाई भत्ते में वृद्धि के फैसले के बाद की है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार मई 2026 के वेतन के साथ बढ़े हुए DA का लाभ देने की तैयारी में है। क्योंकि मई का वेतन जून की शुरुआत में कर्मचारियों के खातों में पहुँचता है, इसलिए जून में मिलने वाली सैलरी और पेंशन में बढ़ा हुआ पैसा सीधे दिखाई देगा।