संभल दंगा पीड़ितों के जख्मों पर योगी सरकार ने लगाया मरहम, कब्रिस्तान की 3 बीघा जमीन मुक्त कराकर रामशरण रस्तोगी परिवार को दिया 100 मीटर का पट्टा: शुरू हुआ हिंदुओं का पुनर्वास

संभल में साल 1978 के दंगा पीड़ित परिवारों को फिर से बसाने का काम शुरू हो गया है। प्रशासन ने कब्रिस्तान से खाली कराई गई 3 बीघा जमीन पर इन परिवारों को बसाने का फैसला किया है। गुरुवार (4 जून) को दंगा पीड़ित रामशरण रस्तोगी के परिवार को 100 वर्ग मीटर जमीन का आवासीय पट्टा दिया गया।

जिले के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने पीड़ित परिवार को प्रमाण-पत्र सौंपा। इसके साथ ही वैदिक मंत्रों के बीच जमीन का भूमि-पूजन भी किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन यह बड़ी कार्रवाई कर रहा है।

मुरादाबाद के मंडल कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि जो लोग दंगे के बाद पलायन कर गए थे, वे अपने दस्तावेजों के साथ प्रशासन से संपर्क करें। सरकार उन सभी पीड़ितों को जमीन वापस देगी। संभल के शेर खाँ सराय गाँव में यह जमीन खाली कराई गई है। इस कदम से दशकों से न्याय का इंतजार कर रहे परिवारों के जख्मों पर मरहम लगा है।