जबलपुर में युवा कॉन्ग्रेस के 2 नेताओं पर रेप के अलग-अलग केस, एक गिरफ्तार तो एक फरार: MP की राजनीति में उबाल

जबलपुर में युवा कॉन्ग्रेस के दो नेताओं पर शादी का झाँसा देकर दुष्कर्म करने के गंभीर आरोप लगे हैं, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। एक आरोपित जेल में है, जबकि दूसरा फरार बताया जा रहा है।

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में युवा कॉन्ग्रेस के दो पदाधिकारियों पर दुष्कर्म के आरोप सामने आए हैं, जिसने जिले की राजनीति में हलचल मचा दी है। ताजा मामला युवा कॉन्ग्रेस के प्रदेश सचिव ऋषभ मिश्रा से जुड़ा है, जिनके खिलाफ लॉर्डगंज थाना पुलिस ने बलात्कार का प्रकरण दर्ज किया है।

पीड़िता का आरोप है कि साल 2020 में सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान ऋषभ मिश्रा से हुई थी। बाद में आरोपित ने शादी का झाँसा देकर मार्च 2022 में एक होटल में और दिसंबर 2025 में गोवा यात्रा के दौरान कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

जब महिला को पता चला कि ऋषभ की शादी कहीं और तय हो चुकी है, तो आरोपित ने शादी से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने ऋषभ को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।

इसी तरह का एक अन्य मामला युवा कॉन्ग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष शुभम उर्फ राजा श्रीवास्तव से जुड़ा है, जिस पर साल 2020 से एक युवती के साथ शादी का वादा कर शारीरिक शोषण करने का आरोप है। राजा फिलहाल फरार हैं और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।