अब हाफिज सईद के खास लश्कर कमांडर शेख यूसुफ को ‘अज्ञात’ ने उतारा मौत के घाट, ‘धुरंधर’ की आहट से डरे पाकिस्तान के आतंकी

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर शेख यूसुफ अफरीदी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अचानक हमला किया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया। मरने वालो शेख यूसफ को लश्कर के आका हाफिज सईद का खास माना जाता था।

अचानक बरसाई गोलियाँ

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेख यूसुफ अफरीदी खैबर पख्तूनख्वा में लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क का एक अहम चेहरा था और उसे वहाँ का ब्रांच हेड भी माना जाता था। घटना के समय अज्ञात हमलावरों ने उसे घेर लिया और लगातार गोलियाँ बरसाईं। हमले की तेजी ऐसी थी कि उसे संभलने या बचने का मौका तक नहीं मिला।

घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियाँ मौके पर पहुँचीं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। हालाँकि अब तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है और न ही किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। शुरुआती जाँच में इसे टारगेट किलिंग के तौर पर देखा जा रहा है।

पाकिस्तान में आतंकियों पर बढ़ता खतरा

रिपोर्ट्स के अनुसार, साल 2026 की शुरुआत से अब तक पाकिस्तान के अलग-अलग हिस्सों जैसे लाहौर, कराची और खैबर पख्तूनख्वा में 30 से ज्यादा आतंकवादी मारे जा चुके हैं। इनमें लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठनों के कई बड़े नाम शामिल हैं।

इससे पहले अप्रैल महीने में ही लश्कर-ए-तैयबा के सह-संस्थापक और हाफिज सईद के करीबी आमिर हमजा पर भी लाहौर में हमला हुआ था, जिसमें वह घायल हो गया था। सुरक्षा एजेंसियाँ लगातार जाँच कर रही हैं, लेकिन हमलावरों का सुराग अभी तक नहीं लग पाया है।