छत्तीसगढ़ में एक ही दिन में 60+ नक्सलियों ने किया सरेंडर, ₹1.3 करोड़ का था इनाम: माओवाद के खात्मे को गृह मंत्री ने दी है 31 मार्च 2026 की डेडलाइन

छत्तीसगढ़ में एक ही दिन में 66 नक्सलियों ने एक साथ सरेंडर किया है। यह सरेंडर बस्तर संभाग में हुए हैं, जो नक्सलवाद से सबसे अधिक प्रभावित रहा है। 24 जुलाई, 2025 को छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 25, नारायणपुर जिले में 8, सुकमा में 5, दंतेवाड़ा में 15 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने हथियार छोड़ दिए हैं।

इसके अलावा कांकेर में भी 13 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन सभी नक्सलियों पर कुल ₹1.3 करोड़ से अधिक का इनाम घोषित था। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में बड़ी संख्या में महिला नक्सली भी हैं। छत्तीसगढ़ में चलाए गए विशेष अभियान के तहत अब तक 2025 में 1000 से अधिक नक्सली सरेंडर कर चुके हैं।

गौरतलब है कि बीते 2 वर्षों से नक्सली लगातार अपनी जमीन खो रहे हैं। 2024-25 में ही 500 से अधिक नक्सली मारे जा चुके हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया है कि जो नक्सली सरेंडर नहीं करेंगे उन पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

गृह मंत्री शाह ने 31 मार्च 2026 तक की डेडलाइन भी नक्सलियों के खात्मे के लिए तय कर दी है।