उत्तराखंड के काशीपुर में ‘I Love Muhammad’ पर बवाल, बिना अनुमति इस्लामी भीड़ का प्रदर्शन: पुलिस ने रोका तो बरसाए पत्थर, सपा नेता नदीम का आया नाम

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर शहर में बिना इजाजत के निकाले गए ‘आई लव मोहम्मद’ जुलूस के दौरान अचानक पथराव, मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाएँ हुईं। यह जुलूस अली खां क्षेत्र से निकाला गया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने इस दौरान पुलिस को देख उनपर हमला कर दिया, जिससे हालात बिगड़ गए। हालाँकि मौके पर पहुँचे एसपी सिटी अभय सिंह और पुलिस बल ने समय रहते हालात को काबू में कर लिया। पुलिस ने तुरंत CCTV फुटेज और वीडियो क्लिप्स के आधार पर उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है।

अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में समाजवादी पार्टी के नेता नदीम अख्तर और उसके साथियों की भूमिका भी सामने आ रही है। पुलिस इन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के कानपुर में 4 सितंबर 2025 को ‘I Love मोहम्मद’ का पोस्टर लगाए जाने के बाद कुछ हिंदू संगठनों ने विरोध किया था, जिसके बाद 25 युवकों पर केस दर्ज किया गया था। उसी घटना के खिलाफ अब देश के कई राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और अब उत्तराखंड में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं।

स्थानीय प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि उत्तराखंड में कानून का राज है। किसी को भी गुंडागर्दी या अशांति फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।