तहखाने में अवैध मिनीगन फैक्ट्री चला रहा था मोहम्मद इबरार, बिहार पुलिस ने दबोचा

बिहार के मुंगेर जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। मिर्जापुर बरदह गाँव में चल रही एक अवैध मिनीगन फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मोहम्मद इबरार अली को गिरफ्तार कर लिया है। यह फैक्ट्री उसके अब्बू मोहम्मद जियाउद्दीन के घर में चल रही थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुफस्सिल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। सदर डीएसपी अभिषेक आनंद ने टीम का नेतृत्व किया। जब पुलिस ने घर की घेराबंदी कर छापा मारा, तो उन्हें चौंकाने वाली चीजें मिलीं।

जाँच में पता चला कि आरोपित ने हथियार छिपाने और बनाने के लिए जमीन के नीचे सुरंग बना रखी थी। यह सुरंग सीढ़ी के नीचे और छत के ऊपर तक फैली थी। ऐसा इसलिए किया गया था ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस ने मौके से कई हथियार और उपकरण जब्त किए हैं। इनमें 4 अधबनी पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस, एक बेस मशीन, एक ड्रिल मशीन और हथियार बनाने वाले दूसरे उपकरण शामिल हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जाँच कर रही है।