कनाडा सरकार ने भारत के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। कनाडा की पब्लिक सेफ्टी मिनिस्ट्री ने बिश्नोई गैंग को ‘इंटरनेशनल टेरेरिस्ट गैंग’ बताया है, जो हिंसा और आतंक फैलाता है।
जानकारी के अनुसार, कनाडा में इस गैंग पर एक खास समुदाय को निशाना बनाने और डर का माहौल बनाने का आरोप है। यह कार्रवाई कनाडा की आपराधिक संहिता के तहत की गई है। अब कनाडा सरकार को इस गैंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की खुली छूट मिल गई है।
आतंकी संगठन घोषित होने के बाद अब गैंग की संपत्ति जब्त की जा सकेगी और उनके बैंक खाते फ्रीज हो जाएँगे। इसके साथ ही, कनाडा में बिश्नोई गैंग की मदद करना भी अपराध माना जाएगा।
जेल में बंद होने के बावजूद, लॉरेंस बिश्नोई हत्या और वसूली की वारदातों को अंजाम देता रहा है। इस गैंग ने कनाडा में कई हमलों की जिम्मेदारी ली है, जिसमें कपिल शर्मा के कैफे पर गोलीबारी भी शामिल है।

