उत्तर प्रदेश के बरेली में जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल को लेकर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के करीबी साथी डॉ नफीस की 74 दुकानों वाली मार्केट को सील कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम की कार्रवाई नावल्टी चौराहे के पास हुई। डॉ नफीस ने नजूल की जमीन और नाले पर कब्जा करके यह पूरी मार्केट खड़ी कर दी थी। डॉ नफीस बवाल के मुख्य आरोपितों में भी शामिल है और वह इन दुकानों से किराया वसूलता था। सोमवार (29 सितंबर 2025) देर रात पुलिस ने डॉ नफीस को गिरफ्तार कर लिया।
मार्केट की दूसरी मंजिल पर IMC का दफ्तर भी था, जिसे सील कर दिया गया है। नगर निगम के मुताबिक, अतिक्रमण हटाने के लिए जल्द ही ध्वस्तीकरण (बुलडोजर) की तैयारी है।
बवाल भड़काने के आरोप में नदीम खां समेत 31 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नदीम के पास से एक पुलिस का वायरलेस हैंडसेट भी बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जाँच दल (SIT) का गठन किया गया है। वहीं, शहर में तीन दिन बाद सोमवार (29 सितंबर 2025) देर रात इंटरनेट सेवा भी बहाल कर दी गई है।

