पाकिस्तान के सिंध प्रांत के कोटड़ी इलाके में हिंदू बागरी समुदाय के युवक दौलत बागरी को ढाबे पर खाना खाने के कारण हाथ-पैर रस्सी से बाँधकर बेरहमी से पीटा गया और 60 हजार रुपए लूट लिए गए। पुलिस ने फैयाज अली, अर्शद अली, मोईन अली, शफी मोहम्मद, नियाज दर मोहम्मद, इकराम और होटल मालिक समेत 7 के खिलाफ FIR दर्ज की है लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दौलत बागरी को बेरहमी से पीटने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, पीड़ित सड़क किनारे खाना खाने गया था। तभी कुछ लोग और होटल मालिक उसके पास आते हैं और कहते हैं, ‘यह हिंदू यहाँ कैसे खा सकता है।’ इतना कहकर पीड़ित के हाथ-पैर रस्सी से बाँधकर उसे पीटने लगे।
पीड़ित लगातार लोगों से दया की गुहार लगाता रहा, रोता और चिल्लाता रहा लेकिन हमलावरों ने उसे मारना जारी रखा और कहा कि उसने हिम्मत कैसे की यहाँ खाना खाने की। वायरल वीडियो में पीड़ित रस्सियों से बँधा दिख रहा है। वायरल वीडियो की लोगों ने कड़ी निंदा की और जल्द कार्रवाई की माँग की।
वहीं मामला दर्ज होने से पहले जमशोरो की जिला और सत्र अदालत में SSP और SHO जमशोरो के खिलाफ याचिका दायर की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। याचिका दायर होने के बाद ही पुलिस ने केस दर्ज किया है।

