पी हरीश ने कहा कि जो मुल्क अपने लोगों पर बमबारी करता है, गलत जानकारी देकर दुनिया को भटकाने की कोशिश करता है, वह जम्मू कश्मीर पर बातें करता है। भारत के प्रतिनिधि ने कहा कि दुर्भाग्य से हर साल भारत के खिलाफ पाकिस्तान की भ्रामक बातें उन्हें सुननी पड़ती हैं, खास कर जम्मू कश्मीर को लेकर। जबकि महिला, शांति और सुरक्षा एजेंडे पर भारत का रिकॉर्ड बेदाग है।
उनकी ये टिप्पणी उस वक्त आई जब पाकिस्तानी अधिकारी ने भारत पर आरोप लगाया, “कश्मीरी महिलाओं ने दशकों तक यौन उत्पीड़न सहन किया।”
भारतीय प्रतिनिधि ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि पाकिस्तान एक ऐसा मुल्क है, जिसने 1971 में ऑपरेशन सर्चलाइट चलाया और फौज द्वारा अपने ही मुल्क की 40,00000 महिलाओं का सामूहिक बलात्कार, नरसंहार करने का अभियान चलाया गया। दुनिया अब पाकिस्तान के प्रोपेगेंडा को अच्छी तरह समझने लगी है।
इससे पहले पिछले हफ्ते पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए भारत ने कहा था कि दुनिया में सबसे खराब मानवाधिकार रिकॉर्ड वाला मुल्क पाकिस्तान है। यहाँ अल्पसंख्यकों पर साजिश के तहत उत्पीड़न और भेदभाव किया जाता है। वह मुल्क अब दूसरों को उपदेश दे रहा है।

