कानपुर में मस्जिद के पास खड़ी 2 स्कूटी में भीषण धमाका, डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनाई दी आवाज: 8 घायल और 12 गिरफ्तार, आतंकी कनेक्शन की जाँच कर रही ATS

कानपुर के मेस्टन रोड स्थित बिसातखाना बाजार में बुधवार (8 अक्तूबर 2025) शाम करीब 7:30 बजे मरकस वाली मस्जिद के निकट दो स्कूटी में जोरदार धमाका हुआ। यह भीड़भाड़ वाला इलाका है। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे लोगों में भगदड़ मच गई। इस घटना में 8 लोग घायल हुए, जिनमें से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है।

पुलिस ने शुरुआती जाँच के बाद अवैध पटाखों के स्टोरेज को धमाके की संभावित वजह बताया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम, बम निरोधक दस्ता और लखनऊ से ATS (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) को बुलाकर जाँच की जा रही है। घायलों में सहाना (70 वर्ष), अब्दुल (60 वर्ष), रियादीन (70 वर्ष) और अश्वनी कुमार (50 वर्ष) 50% से अधिक झुलस गए हैं।

जाँच और संदिग्धों की गिरफ्तारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर, जेसीपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचे। प्रारंभिक जाँच में यह बात सामने आई है कि विस्फोट दुकानों के बाहर खड़ी दो स्कूटी की डिग्गी में हुआ। जाँच के दौरान, कपड़े की दुकानों में भारी मात्रा में अवैध पटाखा और सुतली बम बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने रात में ही छापेमारी कर दुकान संचालक और अन्य समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना की जाँच के लिए लखनऊ से ATS को बुलाया गया है। टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह कहीं तोड़फोड़ की साजिश तो नहीं थी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

स्कूटी और पिछले विस्फोट

धमाके में दो स्कूटी क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनमें से एक घायल अश्वनी की है, जो अपनी होजरी की दुकान के लिए सामान लेने आए थे। दूसरी स्कूटी चोरी की निकली, जिसे पुलिस अब जाँच रही है।

गौरतलब है कि कानपुर में मूलगंज इलाके में इस तरह के विस्फोट की घटनाएँ कोई नई बात नहीं हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 2008 से लेकर 2025 तक शहर में कई बड़ी विस्फोट की घटनाएँ हो चुकी हैं, जिनमें से कई आज तक रहस्य बनी हुई हैं।