जम्मू-कश्मीर के सांबा में सिख व्यक्ति मंजीत सिंह ने गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप जलाए, आरोपित गिरफ्तार: जत्थेदार ने गुरुद्वारा समिति पर लगाया आजीवन प्रतिबंध

जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के कौलपुर गाँव में एक गंभीर धार्मिक अपमान का मामला सामने आया है। बुधवार (8 अक्टूबर) को पुलिस ने मंजीत सिंह नाम के एक सिख व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिस पर गुरुद्वारा सिंह सभा में गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों को अपवित्र करने का आरोप है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना मंगलवार (7 अक्तूबर 2025) को हुई जब आरोपित ने पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। इस दौरान चार स्वरूप पूरी तरह जल गए, जबकि एक स्वरूप आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ।

घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया। पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया और बाद में उसके दो सहयोगियों को भी हिरासत में लिया। फिलहाल पुलिस ने बताया है कि मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गई है।

इस बीच, अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गाज मौके पर पहुँचे और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्यों पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया। उन्होंने कहा कि “यह प्रतिबंध उनके परिवार के सदस्यों पर भी लागू होगा, और वे अब किसी भी गुरुद्वारा के प्रबंधन का हिस्सा नहीं बन सकेंगे।” घटना के बाद गुस्साए स्थानीय सिखों ने आरोपित का घर जला दिया, जिसके बाद प्रशासन ने बुलडोज़र से घर को ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।