तालिबान विदेश मंत्री मुत्ताकी ने पाकिस्तान को दी चेतावनी, कहा- अफगानिस्तान की जमीन भारत के खिलाफ नहीं होगी इस्तेमाल: अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

अफगानिस्तान के तालिबान सरकार के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी भारत दौरे पर हैं और शुक्रवार (10 अक्तूबर 2025) को उन्होंने नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की।

बैठक में मुत्ताकी ने कहा कि अफगानिस्तान अपनी जमीन किसी भी देश के खिलाफ इस्तेमाल नहीं होने देगा और पाकिस्तान को सीमा पार की गतिविधियों से बचने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ऐसी रणनीति से किसी भी समस्या का हल नहीं निकलेगा और अफगान जनता के धैर्य और साहस को चुनौती नहीं दी जानी चाहिए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुत्ताकी ने मुलाकात को सार्थक और दूरदर्शी बताया। दोनों देशों ने व्यापार, विकास और सुरक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई और अफगानिस्तान में भारत के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स को जारी रखने का स्वागत किया। उन्होंने हाल के भूकंप और बाढ़ के दौरान भारत की मानवीय मदद के लिए आभार जताया।

बैठक में यह भी तय हुआ कि एक संयुक्त व्यापार समिति बनाई जाएगी, जो द्विपक्षीय व्यापार में मौजूद समस्याओं को हल करेगी। मुत्ताकी ने कहा कि अफगानिस्तान भारत और पाकिस्तान दोनों के साथ शांतिपूर्ण और दोस्ताना संबंध चाहता है, लेकिन यह एकतरफा संभव नहीं होगा। भारत ने पिछले दो दशकों में अफगानिस्तान में 3 अरब डॉलर से अधिक का पुनर्निर्माण निवेश किया है।