‘मैं चिल्लाई तो बोले-और लोगों को बुलाएँगे फिर वे भी रेप करेंगे’: दुर्गापुर के मेडिकल कॉलेज की छात्रा ने सुनाई गैंगरेप की रूह कंपाने वाली आपबीती

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज की 23 साल की छात्रा के साथ शुक्रवार (10 अक्तूबर 2025) की रात हुए गैंगरेप के बाद पीड़िता ने हैरान करने वाली दास्तान बताई है। ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली पीड़िता ने उस रात के घटनाक्रम को लेकर डॉक्टर को जानकारी दी है।

डॉक्टर को दिए बयान में पीड़िता ने बताया की “मेरे दोस्त और मैंने देखा कि वे (आरोपित) अपनी गाड़ी से उतर रहे थे और हमारी ओर आ रहे थे। हम जंगल की ओर भागने लगे। फिर, वे तीन लोग हमारे पीछे दौड़े, मुझे पकड़ लिया और जंगल के अंदर खींच ले गए।”

पीड़िता ने आगे बताया, “उन्होंने मुझे पीछे से पकड़ लिया, मेरा फोन छीन लिया और मुझसे कहा कि अपने दोस्त को फोन करो। जब वह नहीं आया, तो उन्होंने मुझे जमीन पर लेटने को मजबूर कर दिया। जब मैं चिल्लाई तो उन्होंने कहा कि अगर शोर मचाया तो और लोगों को बुलाएँगे और वे भी यही करेंगे। इसलिए बस हमें ही ऐसा (रेप) करने दो।” गौरतलब है कि अब तक पुलिस ने इस मामले में पाँच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।