सीजफायर के बावजूद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में किया एयर स्ट्राइक, 3 क्रिकेटरों की चली गई जान: ACB का ऐलान- पाक के साथ नहीं खेलेंगे कोई क्रिकेट, सीरीज से हटा

पाकिस्तान हमले में अफगानिस्तान के तीन क्रिकेटरों की मौत हो गई। इसके बाद, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली ट्राई-नेशन टी20 सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया है। बताया गया कि ये खिलाड़ी ‘कबीर, सिब्घातुल्लाह और हारून’ उर्गुन जिले के रहने वाले थे। वे एक दोस्ताना मैच खेलकर शराना से लौट रहे थे, जब उन पर हमला किया गया। इस हमले में पाँच अन्य लोग भी मारे गए और सात घायल हुए।

क्रिकेट बोर्ड का फैसला और प्रतिक्रिया

रिपोर्ट के अनुसार, ACB ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। बोर्ड ने इसे अफगानिस्तान के खेल समुदाय और क्रिकेट जगत के लिए एक ‘बड़ा नुकसान’ बताया है। मृतकों को श्रद्धांजलि देने और उनके परिवारों के प्रति सम्मान दिखाने के लिए ACB ने नवंबर के अंत में होने वाली इस ट्राई-सीरीज से हटने का फैसला किया है। इस सीरीज में पाकिस्तान और श्रीलंका भी शामिल थे।

अफगानिस्तान के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों ने भी इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी ने इसे ‘जघन्य और अक्षम्य अपराध‘ बताया। वहीं, अफगान टीम के कप्तान राशिद खान ने भी हमले की निंदा करते हुए ‘नागरिकों और क्रिकेटरों की जान जाने’ पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने ACB के फैसले का समर्थन किया और कहा कि ‘हमारी राष्ट्रीय गरिमा सबसे पहले है।’