बंगाल में भाजपा सांसद राजू बिष्ट के काफिले पर ईंट-पत्थर से हमला, गाड़ी का शीशा टूटा: राहत सामग्री बाँट कर आ रहे थे दार्जिलिंग के एमपी

दार्जिलिंग से भाजपा सांसद राजू बिष्ट के काफिले पर शनिवार (18 अक्टूबर 2025) की रात हमला किया गया। यह घटना उस समय हुई जब वे सुखिया पोखरी ब्लॉक के मझीधुरा इलाके का दौरा कर लौट रहे थे। सांसद ने जोरबंगलो थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

राजू बिष्ट लगातार भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत सामग्री बाँट रहे हैं। घटना के बाद उन्होंने मीडिया को बताया कि उनके काफिले की एक कार पर पत्थर लगा, जिससे उसका शीशा टूट गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला केंद्र सरकार द्वारा पहाड़ियों की स्थायी राजनीतिक समस्या सुलझाने के लिए मध्यस्थ नियुक्त किए जाने के विरोध में किया गया। उन्होंने कहा, “अगर उनमें हिम्मत थी, तो दिन के उजाले में सामने से हमला करते। रात के अंधेरे में हमला करना कायरता है।”

हालांकि, पहाड़ी क्षेत्र की सत्ताधारी पार्टी भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा और राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कॉन्ग्रेस ने हमले के आरोपों से इनकार किया है। बीजीपीएम प्रवक्ता एस पी शर्मा ने कहा कि यह पत्थर शायद पहाड़ी से गिरा हो, कोई हमला नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर जाँच शुरू कर दी गई है।