‘कब्र से सीधा जन्नत जाओगी’: खातूनों की ब्रिगेड को जिहाद की तालीम दे रहा मसूद अजहर, ‘हिंदू महिलाओं’ का दे रहा हवाला; कहा- गैर मर्दों से मत करो बात

पाकिस्तान की गोद में पल रहे आतंकवादी समूह जैश-ए-मोहम्मद ने महिलाओं को जिहादी बनाने के लिए नई ब्रिगेड शुरू की है। इस ‘जमात उल-मोमिनत’ ब्रिगेड के लिए आतंकी मसूद अजहर ने एक कोर्स भी शुरू किया है जिसमें उसकी बहनें महिलाओं को जिहादी बना रही हैं। बहावलपुर के मरकज उस्मान ओ अली में इन महिलाओं को दिए गए मसूद अजहर के भाषण का ऑडियो क्लिप सामने आया है।

महिलाओं को मौत के बाद जन्नत का वादा

IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस 21 मिनट के ऑडियो में महिलाओं के प्रशिक्षण, प्रचार और तैनाती का पूरा खाका बताया गया है। पुरुष आतंकियों की तरह की अजहर महिलाओं की भर्ती, ट्रेनिंग और जिहाद की जानकारी उन्होंने दे रहा है। इस खूंखार आतंकवादी ने महिलाओं से वादा किया है कि जमात-उल-मोमिनात में शामिल होने वाली कोई भी महिला मौत के बाद अपनी कब्र से सीधे जन्नत जाएगी।

आतंकी अजहर ने घोषणा की है कि जिस तरह पुरुषों का 15 दिन का ‘दौरा-ए-तरबियात’ कोर्स होता है, उसी तरह महिलाओं के लिए ‘दौरा-ए-तस्किया’ शुरू किया गया है। जैश-ए-मोहम्मद करीब दो दशकों से ‘दौरा-ए-तरबियात’ चलाता है जिसमें नए-नए आतंकियों का ब्रेनवॉश कर यह विश्वास दिलाया जाता है कि भारत के खिलाफ जिहाद से जन्नत मिलती है। यही अजहर अब महिलाओं को भी सिखा रहा है।

दुनिया में इस्लाम का प्रचार करेगी ‘जमात-उल-मोमिनात’

मसूद ने महिलाओं को बताया है कि पहले हिस्सा का कोर्स पूरा करने के बाद ‘दौरा-आयत-उल-निसा’ में जाएँगी और वहाँ उन्हें सिखाया जाएगा कि इस्लामी ग्रंथ महिलाओं को जिहाद करने का निर्देश कैसे देते हैं।

आतंकी का कहना है कि जैश के दुश्मनों ने हिंदू महिलाओं को सेना में भर्ती किया है और महिला पत्रकारों को हमारे खिलाफ खड़ा किया है। आतंकी कहता है कि जैश के पुरुष मुजाहिद इस नई महिला इकाई के साथ खड़े होंगे और महिला ब्रिगेड दुनिया भर में इस्लाम का प्रसार करेगी।

हर जिले में खुलेंगी ‘जमात-उल-मोमिनात’ की शाखाएँ

आतंकी मसूद का कहना है कि ब्रिगेड में शामिल होने वाली महिलाओं को अपने पति या परिवार के सदस्यों के अलावा किसी भी अनजान पुरुष से फोन या मैसेंजर के जरिए बात नहीं करनी चाहिए।

पाकिस्तान के जिले-जिले में महिलाओं को जिहादी बनाने वाले इन सेंटर्स को स्थापित किया जाएगा। मसूद ने कहा कि हर जिले की शाखा का नेतृत्व एक जिला मुंतजिमा करेगा जो महिलाओं की भर्ती के लिए जिम्मेदार होगा।

जैश की इस महिला ब्रिगेड की कमान मसूद अजहर की बहन सादिया अजहर संभाल रही है जिसका पति 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर में मारा गया था। इसमें मसूद की दूसरी बहन समायरा अजहर भी शामिल है।

इन दोनों को महिलाओं को इस संगठन से जोड़ने और रोज ऑनलाइन सत्र आयोजित करने का काम दिया गया है। जैश-ए-मोहम्मद इस कोर्स में दाखिला लेने वाली हर महिला से 500 पाकिस्तानी रुपए का चंदा इकट्ठा कर रहा है और उन्हें एक ऑनलाइन फॉर्म भी भरवा रहा है।

गौरतलब है कि भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान मसूद अजहर के परिवार के 14 सदस्य मारे गए थे, जिनमें यूसुफ अजहर, जमील अहमद, हमजा जमील और हुज़ैफा अजहर शामिल थे। अजहर इस ऑडियो में यह कहता भी सुनाई दिया है कि भारत के हमले में उसकी बड़ी बहन भी मारी गई थी।