यूपी के अमरोहा जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हसनपुर थाना क्षेत्र के गाँव हथियाखेड़ा के पास जंगल में मंगलवार (28 अक्टूबर 2025) की सुबह एक महिला का शव मिला। महिला का गला धारदार हथियार से रेत दिया गया था और हाथों पर मेहंदी लगी हुई थी। मृतका की पहचान संगीता उर्फ रीना (35 साल) के रूप में हुई, जो मौहल्ला कोटपूर्वी की रहने वाली थी।
पुलिस ने महज 24 घंटे में केस सुलझा लिया और आरोपित को पकड़ लिया। आरोपित कोई और नहीं, बल्कि मृतका का प्रेमी सलीम है, जो मौहल्ला कोर्ट पूर्वी का रहने वाला है। सलीम कपड़े का फड़ लगाकर बेचता है। संगीता का बेटा उसकी दुकान पर काम करता था, इसी दौरान दोनों में अवैध संबंध बन गए।
सलीम ने बताया कि संगीता उसे ब्लैकमेल करके पैसे माँगती थी। इससे तंग आकर उसने हत्या की प्लानिंग की। हत्या वाली रात दोनों मिले, सलीम उसे बाइक पर झोपड़ी में ले गया। वहाँ झगड़ा हुआ और गुस्से में सलीम ने चाकू से गला रेत दिया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि आरोपित सलीम गिरफ्तार हो चुका है, हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया। इलाके में दहशत का माहौल है, पुलिस आगे की जाँच कर रही है।

