मुस्लिम लड़की से बात करने पर समीर पठान ने साथियों संग हिंदू युवक को पीटा, ब्लैकमेल कर वसूले ₹50 हजार: MP के नीमच में FIR दर्ज

मध्य प्रदेश के नीमच शहर में एक हिंदू युवक की मुस्लिम लड़कों ने केवल इसलिए पिटाई कर दी, क्योंकि वह मुस्लिम लड़की से बात कर रहा था। आरोपितों ने इस मारपीट का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और 50 हजार रुपए वसूल लिए। जब उसने और पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपितों ने उसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर डाल दिए।

यह घटना 2 अप्रैल 2025 को बघाना थाना क्षेत्र की रामअवतार कॉलोनी स्थित किलेश्वर मंदिर के बाहर हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़ित युवक परीक्षा देने जा रहा था और रास्ते में मंदिर में दर्शन करने रुका था। वहीं मंदिर के गेट पर वह एक लड़की से बातचीत कर रहा था, तभी समीर पठान नाम का युवक अपने साथी के साथ वहाँ पहुँच गया।

समीर ने बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी और हिंदू युवक को थप्पड़ मारने लगा। वहीं उसका साथी पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। मारपीट के बाद आरोपित समीर ने युवक को धमकी दी कि अगर उसने उस लड़की से दोबारा बात की, तो उसे जान से मार देगा।

युवक ने डर से उस समय पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। बाद में उसके जीजा को वॉट्सऐप पर यह वीडियो मिला तो उन्होंने हिंदू संगठनों से मदद माँगी। इसके बाद छात्र ने पूरी घटना की जानकारी अपने जीजा और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों को दी।

रविवार (2 नवंबर 2025) की शाम को संगठन के सदस्यों ने थाने पहुँचकर प्रदर्शन किया और आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।