‘राहुल गाँधी ने घुसपैठिया बचाओ यात्रा की’: दरभंगा में अमित शाह का महागठबंधन पर हमला, लालू यादव के गिनाए चारा से लेकर लैंड फॉर जॉब तक लालू के 7 घोटाले

बिहार चुनाव का प्रचार जोरों पर है। इसी कड़ी में दरभंगा में केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने चुनावी रैली की। इस दौरान अमित शाह ने लालू परिवार के ‘जंगलराज’ पर जमकर हमला बोला। साथ ही राहुल गाँधी की वोटर अधिकार यात्रा को ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ करार दिया।

अमित शाह ने RJD प्रमुख लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “लालू जी ने भी काफी कुछ किया है। चारा घोटाला किया, लैंड फॉर जॉब स्कैम किया, होटल बेचने का घोटाला, अलकतरा घोटाला किया, बाढ़ राहत घोटाला, भर्ती घोटाला किया और AB एक्सपोर्ट का घोटाला किया।”

उन्होंने आगे कहा, “लालू-राबड़ी ने इतने घोटाले किए और कॉन्ग्रेस 12 लाख करोड के घपले-घोटाले किए हैं। ये बिहार का भला कर सकते हैं क्या? मोदी जी ने 11 साल शासन किया और नीतीश बाबू ने 20 साल शासन किया। नीतीश बाबू और मोदी जी पर 4 आने का भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है।”

कॉन्ग्रेस नेता राहुल गाँधी पर तीखा हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा, “ढाई महीने पहले राहुल बाबा यहाँ आए थे और एक यात्रा निकाली थी। जो ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ थी। लालू और राहुल घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं। ये कितनी भी यात्रा निकाल लें लेकिन हम देश से घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालने का काम करेंगे।”

इसके अलावा अमित शाह ने NDA की योजनाओं के बारे में जनता को जानकारी दी और दरभंगा से NDA प्रत्याशी जीवेश मिश्रा को वोट देने की अपील की।