‘PM मोदी-ट्रंप अक्सर करते हैं बात’: व्हाइट हाउस की अधिकारी ने किया दावा, व्यापार समझौते पर बन सकती है बात

व्हाइट हाउस ने हाल ही में दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच अक्सर बातचीत होती रहती है। मंगलवार ( 4 नवंबर 2025) को व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने मीडिया से कहा कि दोनों नेताओं के बीच व्यापार, वैश्विक सहयोग और तकनीकी साझेदारी जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा होती रही है।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। व्हाइट हाउस के अनुसार, लंबे समय से अटका यह व्यापार समझौता अब अंतिम चरण में पहुँच चुका है। इसमें टैरिफ कम करने, आयात-निर्यात नियमों को सरल बनाने और दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। जल्द ही इसकी घोषणा भी की जा सकती है।

कैरोलिन ने कहा, “मुझे पता है कि राष्ट्रपति ट्रंप पीएम मोदी का बहुत सम्मान करते हैं और काफी बार बात करते हैं। कुछ हफ्ते पहले, उन्होंने पीएम मोदी से सीधे बात की थी, जब व्हाइट हाउस में कई उच्च पदस्थ भारतीय-अमेरिकी अधिकारियों के साथ ओवल ऑफिस में दीवाली मनाई गई थी।”

गौरतलब है कि ट्रंप ने कुछ दिनों पहले ये दावा किया था कि भारत ने रूसी तेल के आयात में कमी की है। साथ ही इपने पाँच दिवसीय एशिया दौरे को भी काफी अच्छा अनुभव कहा था।

ट्रंप के दावे की प्रतिक्रिया में भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था, “भारत तेल और गैस का एक महत्वपूर्ण आयातक है। अस्थिर ऊर्जा परिदृश्य में भारतीय उपभोक्ता के हितों की रक्षा करना हमारी लगातार प्राथमिकता रही है।”