‘नहीं चाहिए कट्टा सरकार’: PM मोदी ने सीतामढ़ी से भरी हुंकार, RJD को निशाने पर लेकर बोले- बिहार का बच्चा ‘रंगदार’ नहीं, ‘डॉक्टर-इंजीनियर-जज’ बनेगा

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के लिए प्रचार अपने चरम पर पहुँच चुका है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (8 अक्टूबर 2025) को सीतामढ़ी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करने पहुँचे, जहाँ उन्होंने महागठबंधन पर जोरदार हमला किया और NDA की जीत के लिए माहौल बनाया।

‘जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका’

पीएम मोदी ने पहले चरण के भारी मतदान के लिए बिहार के लोगों का आभार जताते हुए कहा, “बिहार ने पहले चरण में कमाल कर दिखाया है।” उन्होंने दावा किया कि इस मतदान से “जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका लगा है।” उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं और महिलाओं ने विकास के पक्ष में NDA को अपना समर्थन दिया है।

RJD पर सीधा हमला

RJD और कॉन्ग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, “RJD के मंचों से यह कहा जा रहा है कि बिहार के बच्चों को रंगदार बनना चाहिए। लेकिन बिहार का बच्चा रंगदार नहीं, बल्कि डॉक्टर, इंजीनियर और जज बनेगा।” उन्होंने कहा कि उनकी सरकार युवाओं को आगे बढ़ने के लिए किताब, कंप्यूटर और खेल सामग्री दे रही है।

‘जंगलराज’ का मतलब समझाया

पीएम मोदी ने जंगलराज शब्द की परिभाषा देते हुए कहा, “जंगलराज का मतलब है कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु:संस्कार और करप्शन।” उन्होंने साफ कहा कि बिहार को ऐसे कुशासन से मुक्ति चाहिए।

सीतामढ़ी (माँ सीता की नगरी) से पीएम मोदी ने अपने पुराने दौरे को याद करते हुए कहा कि 8 नवंबर 2019 को वे इसी धरती पर थे और उसके ठीक अगले दिन सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या में रामलला के पक्ष में फैसला सुनाया था। उन्होंने इसे माँ सीता के आशीर्वाद का परिणाम बताया।

पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि सीता मैया के आशीर्वाद से बिहार एक विकसित राज्य बनेगा और यह चुनाव राज्य के युवाओं के भविष्य को तय करेगा।